विकासनगर में बारिश का कहर: प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे विधायक मुन्ना सिंह चौहान, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
विकासनगर। लगातार हो रही बारिश के बीच विकासनगर क्षेत्र के कई इलाकों में बरसाती पानी और जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थिति का जायजा लेने के लिए विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
विधायक ने डूमेट के जमुनापुर और हड़ोवाला क्षेत्र में पहुंचकर बरसाती नाले और सड़क खिसकने से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया। सड़क के क्षतिग्रस्त होने से आसपास के मकानों की सुरक्षा को लेकर भी स्थिति का निरीक्षण किया गया।
इसके बाद विधायक नवाबगढ़ पहुंचे, जहां बरसाती नालों के चोक होने के कारण पानी घरों में घुसने की शिकायत सामने आई। विधायक ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को दिए प्राथमिकता के निर्देश
विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने सिंचाई विभाग, PWD और तहसील प्रशासन के अधिकारियों से कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि—
चोक बरसाती नालों की तत्काल सफाई कराई जाए।
जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी की व्यवस्था की जाए।
क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता से कराई जाए।
सुरक्षा दीवारों एवं संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा कार्य किए जाएं।
प्रभावित परिवारों के नुकसान का तत्काल आकलन किया जाए।
कोई भी प्रभावित परिवार राहत एवं सहायता से वंचित न रहे।
विधायक ने कहा कि आपदा की स्थिति में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन और संबंधित विभागों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए जरूरत के अनुसार तत्काल राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान नवाबगढ़ ग्राम प्रधान सहाना और प्रधान पति अली अहमद तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे
विकासनगर में बारिश का कहर: प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे विधायक मुन्ना सिंह चौहान, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
