मेरा गांव मेरी सड़क” योजना को लेकर शिकायत पर ग्राम पंचायत सैंज ने दी सफाई, कहा- नियमों के तहत किए जा रहे विकास कार्य

मेरा गांव मेरी सड़क” योजना को लेकर शिकायत पर ग्राम पंचायत सैंज ने दी सफाई, कहा- नियमों के तहत किए जा रहे विकास कार्य
चकराता/देहरादून। विकासखंड चकराता की ग्राम पंचायत सैंज में “मेरा गांव मेरी सड़क” योजना को लेकर शिकायत का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद ग्राम पंचायत की ओर से प्रेस नोट जारी कर पूरे मामले में अपना पक्ष स्पष्ट किया गया है।
ग्राम पंचायत सैंज की ओर से जारी पत्र के अनुसार पंचायत के संज्ञान में आया है कि “मेरा गांव मेरी सड़क” के अंतर्गत ग्राम पंचायत क्षेत्र में चल रहे अथवा प्रस्तावित विकास कार्यों के संबंध में कुछ व्यक्तियों की ओर से जिलाधिकारी देहरादून एवं संबंधित अधिकारियों को शिकायत भेजी गई है।
ग्राम सभा और खुली बैठक के प्रस्ताव का हवाला
ग्राम पंचायत ने अपने पक्ष में कहा है कि योजना से संबंधित कार्यों को ग्राम पंचायत की जानकारी में रखते हुए ग्राम सभा/खुली बैठक के प्रस्ताव तथा निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है। पंचायत का कहना है कि विकास कार्यों का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाना नहीं है।
पंचायत के मुताबिक इन कार्यों के माध्यम से ग्रामीणों को सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना उद्देश्य है।
जांच में अभिलेख उपलब्ध कराने की बात
शिकायत में यदि किसी प्रकार की अनियमितता अथवा आपत्ति उठाई गई है, तो ग्राम पंचायत प्रशासन ने संबंधित अभिलेख, प्रस्ताव और आवश्यक दस्तावेज जांच अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने की बात कही है।
ग्राम पंचायत ने कहा है कि वह मामले की नियमानुसार जांच एवं प्रक्रिया में पूर्ण विश्वास रखती है और जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे।
पंचायत ने जनसाधारण के समक्ष स्थिति स्पष्ट करने की बात कही
ग्राम पंचायत सैंज के जनप्रतिनिधियों की ओर से कहा गया है कि शिकायत से जुड़े मामले में उपलब्ध रिपोर्ट एवं दस्तावेजों के आधार पर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाएगी। पंचायत की ओर से यह भी कहा गया है कि जिन कार्यों से संबंधित भुगतान अथवा अन्य कार्रवाई का उल्लेख शिकायत में किया गया है, उनकी वास्तविक स्थिति अभिलेखों के आधार पर स्पष्ट की जा सकती है।
ग्राम पंचायत ने पूरे प्रकरण की स्थिति सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करने और नियमानुसार कार्रवाई में सहयोग करने की बात कही है।