*सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विकासनगर पालिका की बड़ी कार्रवाई, थोक व्यापारियों के यहां छापेमारी; ₹18 हजार का चालान*

विकासनगर। सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पॉलिथीन के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नगर पालिका परिषद विकासनगर ने अभियान तेज कर दिया है। माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में नगर पालिका की सचल दल टीम ने पालिका क्षेत्र के विभिन्न थोक व्यापारियों की दुकानों पर छापेमारी कर प्रतिबंधित प्लास्टिक की जांच की।
सफाई निरीक्षक परमीत चौधरी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान टीम ने दुकानों पर सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पॉलिथीन के संबंध में जांच-पड़ताल की। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पालिका द्वारा चालानी कार्रवाई की गई। अभियान के तहत कुल 18 हजार रुपये की चालानी राशि वसूल की गई।
नगर पालिका प्रशासन की इस कार्रवाई से प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वाले व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति रही। पालिका अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सिंगल यूज प्लास्टिक के बढ़ते इस्तेमाल को रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित करने के उद्देश्य से नगर पालिका द्वारा प्रत्येक दिन अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग और बिक्री न करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।
पालिका प्रशासन के अनुसार, प्लास्टिक कचरा पर्यावरण के साथ-साथ सफाई व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती है। ऐसे में बाजारों और थोक व्यापारिक प्रतिष्ठानों में विशेष निगरानी रखते हुए अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा।
अभियान में परमीत चौधरी, पवन कुमार, सुभाष, सुरेंद्र, शंकर, संदीप सहित नगर पालिका की सचल दल टीम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।