पीबीओआर पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन पछवादून ने धूमधाम से मनाया पांचवां स्थापना दिवस

पीबीओआर पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन पछवादून ने धूमधाम से मनाया पांचवां स्थापना दिवस
पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की बड़ी संख्या में रही मौजूदगी, अतिथियों ने संगठन की एकजुटता और कल्याणकारी प्रयासों को सराहा
विकासनगर। पीबीओआर पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन पछवादून ने अपना पांचवां स्थापना दिवस समारोह उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया। संगठन के अध्यक्ष सिग्नलमैन भूपेंद्र सिंह डोगरा के नेतृत्व में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, उनके परिवारजनों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलदीप कुमार, अध्यक्ष वन पंचायत सलाहकार परिषद उत्तराखंड सरकार एवं पूर्व विधायक रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, पीटीआर शमशेर बिष्ट, उपाध्यक्ष सैनिक कल्याण परिषद उत्तराखंड सरकार तथा कैप्टन कुलदीप सिंह, संरक्षक पीबीओआर उपस्थित रहे।
इसके अलावा नगर पालिका हरबर्टपुर की अध्यक्ष नीरू देवी और ब्लॉक प्रमुख विकासनगर नारायण ठाकुर समेत अनेक गणमान्य लोग समारोह में शामिल हुए। अतिथियों का पूर्व सैनिकों की ओर से गर्मजोशी से स्वागत किया गया तथा उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान पूर्व सैनिकों की सेवा, संगठन की एकजुटता और उनके हितों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि देश की सुरक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पूर्व सैनिक समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके अनुभव और अनुशासन का लाभ समाज को लगातार मिलता रहा है।
कार्यक्रम में सेवा भारती के अटल बाल संस्कार केंद्र के बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
स्थापना दिवस समारोह में केक काटकर खुशी मनाई गई। पूर्व सैनिकों और अतिथियों ने एक-दूसरे को बधाई दी तथा संगठन की निरंतर प्रगति और पूर्व सैनिकों के हितों के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
समारोह में हवलदार सुरेश नौटियाल, नायक कुलवंत, सूबेदार जोगिंदर सिंह चौहान, सूबेदार प्रवीण डोगरा, सूबेदार देवेंद्र रावत, सूबेदार वीरेंद्र सिंह गोसाईं, हवलदार अमरचंद, नायक सुरेश चंदेल और कैप्टन सुरेश चंदेल सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं उनके परिवारजन मौजूद रहे।
समापन अवसर पर संगठन की ओर से सभी अतिथियों, पूर्व सैनिकों और परिवारजनों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम ने पूर्व सैनिकों के बीच आपसी भाईचारे, एकजुटता और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत किया।