ऑपरेशन सफाई के तहत प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई, पर्यटन वेबसाइट से हटाने की प्रक्रिया शुरू
देहरादून में नियमों के विपरीत संचालित हो रहे होमस्टे पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए 96 होमस्टे के पंजीकरण निरस्त कर दिए हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन सफाई” के तहत यह कार्रवाई की गई। प्रशासन ने प्रथम चरण में 17 और द्वितीय चरण में 79 अवैध होमस्टे के लाइसेंस रद्द किए हैं। साथ ही इन्हें पर्यटन विभाग की वेबसाइट से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन द्वारा गठित 05 मजिस्ट्रेट टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अब तक 136 निरीक्षण किए। जांच के दौरान कई होमस्टे होटल की तरह संचालित होते पाए गए, जहां नियमों का खुला उल्लंघन किया जा रहा था। कई स्थानों पर रातभर अवैध बार संचालन, तेज आवाज में डीजे, नशाखोरी और गैरकानूनी गतिविधियों की शिकायतें सामने आईं।
प्रशासन के अनुसार कुछ होमस्टे ऐसे भी मिले जहां उपद्रवी प्रवृत्ति के लोग ठहराए जा रहे थे। शहर में ओवरस्पीड, हुड़दंग और अवैध हथियारों से फायरिंग जैसी घटनाओं में ऐसे ठिकानों की भूमिका सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया।
निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां भी पाई गईं। कई होमस्टे में रसोई की व्यवस्था नहीं थी, अग्निशमन उपकरण गायब या एक्सपायर मिले, जबकि कई बिना फूड लाइसेंस के संचालित हो रहे थे। कई इकाइयां लीज और किराये पर चलाई जा रही थीं, जबकि नियमों के अनुसार होमस्टे संचालक का स्वयं वहां निवास करना जरूरी है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि होमस्टे योजना का उद्देश्य स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक खानपान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना है, लेकिन कुछ लोगों ने इसे व्यावसायिक होटल का रूप दे दिया, जिससे कानून व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ रहा था।
प्रशासन ने साफ किया है कि आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
देहरादून में अवैध होमस्टे पर डीएम का बड़ा एक्शन, 96 के पंजीकरण निरस्त
