विशाल गौतम के संघर्ष को मिली मजबूती, अवैध निर्माण पर चला जेसीबी का पंजा

विकासनगर। विकासनगर क्षेत्र में भू-माफियाओं द्वारा किए गए अवैध निर्माण पर प्रशासन का बुलडोजर चलने से हड़कंप मच गया। मामला उस भूमि से जुड़ा है, जिसे विशाल गौतम अपनी स्वर्गीय माता की संपत्ति बताते हैं और जिसके अधिकार को लेकर वर्षों से न्यायालय में कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार संबंधित भूमि पर कथित रूप से गोल्डन फॉरेस्ट प्रकरण की आड़ में कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया था। विशाल गौतम का कहना है कि उनकी माता की भूमि पर भू-माफियाओं ने कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया था, जबकि मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने न्यायालय के आदेशों एवं राजस्व अभिलेखों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। मौके पर पटवारी सुधीर सैनी की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण हटाया गया।
इस कार्रवाई के बाद विशाल गौतम ने उप जिलाधिकारी विनोद कुमार, तहसीलदार विवेक राजौरी तथा पटवारी सुधीर सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्षों से अपनी माता की भूमि को वापस पाने के लिए वह संघर्ष कर रहे हैं और प्रशासन की निष्पक्ष कार्रवाई से उन्हें न्याय की उम्मीद और मजबूत हुई है।
विशाल गौतम ने कहा कि भू-माफियाओं द्वारा लगातार विवादित भूमि पर निर्माण कार्य किया जा रहा था, जिससे न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका थी। प्रशासन ने समय रहते हस्तक्षेप कर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर कानून का सम्मान कायम किया है।
क्षेत्र के लोगों ने भी प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि सरकारी तंत्र द्वारा भू-माफियाओं के खिलाफ की गई सख्त कार्रवाई से गलत तत्वों को स्पष्ट संदेश गया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।
मामला वर्तमान में न्यायालय में लंबित है और अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा ही लिया जाएगा, लेकिन प्रशासन की इस कार्रवाई को भूमि संरक्षण और कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।