नगर पालिका परिषद विकासनगर के वार्ड नंबर-6 की भाजपा सभासद सुमन काशव सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। बताया जा रहा है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम से लौटते समय मंडी चौक के पास उनकी स्कूटी अचानक फिसल गई, जिससे वह गंभीर रूप से चोटिल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा आज सुबह उस समय हुआ जब सभासद सुमन काशव योग कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रही थीं। मंडी चौक के समीप उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई और वह सड़क पर गिर गई घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए उन्हें तत्काल लेहमन हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान तुरंत अस्पताल पहुंचे। विधायक ने घायल सभासद का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली।
डॉक्टरों द्वारा हायर सेंटर रेफर किए जाने के बाद विधायक मुन्ना सिंह चौहान स्वयं भी उनके साथ रवाना हुए, ताकि इलाज में किसी प्रकार की परेशानी न हो और बेहतर चिकित्सा सुविधा समय पर उपलब्ध हो सके।
फिलहाल सभासद सुमन काशव का उपचार जारी है। भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
रिपोर्ट :- सविता रानी
