ई-ऑफिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए डीएम के सख्त निर्देश, तकनीकी समस्याओं के शीघ्र समाधान पर जोर
देहरादून | पहाड़ से मैदान तक न्यूज़
देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जनपद में लागू ई-ऑफिस व्यवस्था की प्रगति का जायजा लिया। बैठक के दौरान उन्होंने सभी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली को शत-प्रतिशत लागू करने तथा तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जनपद के लगभग सभी शासकीय कार्यालय ई-ऑफिस प्रणाली से जुड़ चुके हैं और अधिकांश विभागों में अब पत्रावलियों का निस्तारण डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है। इससे सरकारी कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और ऑनलाइन निगरानी को बढ़ावा मिला है।
समीक्षा के दौरान कुछ विभागों ने रिपोर्टिंग और ऑनलाइन कार्य निष्पादन में तकनीकी दिक्कतों की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने आईटीडीए की तकनीकी टीम को तत्काल आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस शासन की महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य कार्यालयी कार्यों को तेज, पारदर्शी और पूरी तरह पेपरलेस बनाना है।
डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी पत्रावलियों का संचालन एवं निस्तारण ई-ऑफिस के माध्यम से ही किया जाए तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही किसी भी तकनीकी समस्या की स्थिति में संबंधित तकनीकी टीम से समन्वय स्थापित कर उसका शीघ्र समाधान कराया जाए ताकि सरकारी कार्य प्रभावित न हों।
बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डेय, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हरेन्द्र शर्मा, आईटीडीए की तकनीकी टीम के सदस्य आशीष, दीक्षा, विवेक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
✍️ डायरेक्टर एंड चीफ एडिटर : सविता रानी
पहाड़ से मैदान तक न्यूज़
