ढकरानी माइनिंग क्रेशर एसोसिएशन की बैठक में नई खनन गाइडलाइन पर मंथन, माइनिंग टैग व्यवस्था जल्द लागू करने पर जोर

ढकरानी माइनिंग क्रेशर एसोसिएशन की बैठक में नई खनन गाइडलाइन पर मंथन, माइनिंग टैग व्यवस्था जल्द लागू करने पर जोर
ढकरानी। ढकरानी माइनिंग क्रेशर एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक में खनन विभाग की ओर से जारी नई गाइडलाइन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में खनन एवं ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ नई व्यवस्थाओं के प्रभावी अनुपालन को लेकर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं क्रशर संचालकों ने विचार-विमर्श किया।
बैठक में ज़ोन अध्यक्ष संदीप राणा, संरक्षक रायपाल बिष्ट एवं सचिव अन्नू तोमर सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी और क्रशर संचालक मौजूद रहे। बैठक में नई खनन गाइडलाइन के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी सदस्यों को दी गई और नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बिना माइनिंग टैग नहीं कटेगा ई-रवाना
ज़ोन अध्यक्ष संदीप राणा ने बताया कि खनन एवं ट्रांसपोर्ट व्यवस्था में माइनिंग टैग की व्यवस्था शीघ्र लागू करवाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि माइनिंग टैग के बिना किसी भी वाहन का ई-रवाना नहीं काटा जाएगा। उन्होंने सभी वाहन संचालकों से वाहनों पर आगे और पीछे स्पष्ट रूप से नंबर प्लेट लगाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि ढकरानी जोन के प्रत्येक क्रशर द्वारा खनन विभाग की ओर से समय-समय पर जारी की जाने वाली गाइडलाइन का पालन किया जाता है। एसोसिएशन का उद्देश्य खनन व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ ही निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का अनुपालन सुनिश्चित करना है।
खनन विभाग की कार्रवाई की सराहना
बैठक में खनन विभाग की कार्यप्रणाली और अवैध खनन पर की जा रही कार्रवाई को लेकर भी चर्चा हुई। संदीप राणा ने खनन विभाग में पारदर्शिता बढ़ाने के प्रयासों के लिए निदेशक राजपाल लेघा एवं माइनिंग अधिकारी अमित ऐश्वर्य शाह की सराहना की।
उन्होंने कहा कि विभाग की प्रभावी कार्रवाई से खनन माफियाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिली है। साथ ही खनन क्षेत्र में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के प्रयासों के परिणाम भी सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के राजस्व में भी आंकड़ों के आधार पर उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
जीएसटी और सामाजिक कार्यों पर भी चर्चा
बैठक में जीएसटी से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसके अलावा एसोसिएशन की ओर से सामाजिक कार्यों में प्रभावी सहयोग किस प्रकार किया जाए, इस विषय पर भी विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष जीतू, संजय कादियान, चरण सिंह, नफीस, सुनील पंवार, बिट्टू जैन, मोंटी नगोली सहित अन्य क्रशर संचालक एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।