क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान रहे मुख्य अतिथि, कालसी वन प्रभाग की टीम ने गौशाला को हराभरा बनाने का लिया संकल्प, उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित।
विकासनगर। हरेला पर्व के पावन अवसर पर शाकुंभरी गौशाला में वृक्षारोपण एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं कालसी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी मयंक गर्ग अपनी पूरी टीम के साथ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पौधरोपण से हुई, जिसमें गौशाला परिसर में चार पत्ती सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। सभी अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया।
शाकुंभरी गौशाला की संस्थापक सविता देवी एवं सचिव डॉ. प्रवीण शर्मा ने मुख्य अतिथि विधायक मुन्ना सिंह चौहान और डीएफओ मयंक गर्ग का शॉल ओढ़ाकर, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर गौशाला की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को सम्मान पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि कुछ दिन पूर्व गौशाला के निरीक्षण के दौरान उन्होंने महसूस किया था कि गौवंश के लिए पर्याप्त हरियाली होना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से वन विभाग के सहयोग से व्यापक वृक्षारोपण कराया गया है। उन्होंने कहा कि गौशाला की हरियाली, रखरखाव एवं विकास के लिए वन विभाग समय-समय पर सहयोग करता रहेगा तथा उनकी ओर से भी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर “पहाड़ से मैदान तक” की डायरेक्टर एवं चीफ एडिटर तथा गौशाला ट्रस्ट की राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी वरिष्ठ पत्रकार सविता रानी को भी उत्कृष्ट सामाजिक एवं पत्रकारिता कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान पूरण शर्मा (डूमेट), भरत सिंह, वीरेंद्र सिंह (कटापत्थर), बिशन शर्मा (बाढ़वाला), आशीष बिष्ट (पपड़ियान), वरिष्ठ पत्रकार मनोज खन्ना, भगवती प्रसाद (अध्यक्ष, कोटड़ा सर्वजन चेतना समिति), डॉ. उमेश मौर्य (पशु चिकित्सक) सिंचाई विभाग अधिकारी डोभाल,पहाड़ जन संपादक राजेश कमार, बबीता चौहान, कृष्णा सेमवाल, रूमिता चौहान, अक्षिता सेमवाल, रीषिका शर्मा, आमो सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
